Breaking News

कृषि बिल के विरोध पर बोले कैलाश चौधरी : किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर झूठ बोल रही है कांग्रेस

केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को किया सम्बोधित, राज्य के विभिन्न स्थानों से आए किसान प्रतिनिधियों ने ऐतिहासिक कृषि बिल के लिए मोदी सरकार का आभार व्यक्त किया

तेजल ज्ञान जयपुर (अजय कुमार जाखड़ )

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने शनिवार को जयपुर दौरे के दौरान प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता को सम्बोधित किया। इस दौरान राज्य के विभिन्न स्थानों से आए किसान प्रतिनिधियों और किसान संगठनों के नेताओं ने ऐतिहासिक एवं किसान हितकारी कृषि बिल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि कृषि बिल से छोटे किसानों को सबसे अधिक फायदा होगा। अब किसान की मर्जी है कि वो कहीं पर भी फसल बेच सकता है, जहां पर किसान को अधिक दाम मिलेगा वो वहां बेच सकेगा। भाजपा कार्यकर्ताओं को आसान भाषा में किसानों को समझाना होगा। श्री कैलाश चौधरी ने कहा कि ‘जिन्होंने किसानों से झूठ बोला, अब वो किसान के कंधे पर बंदूक रखकर चला रहे हैं। ये लोग झूठ फैलाकर किसान को गुमराह कर रहे हैं।’

कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि कुछ लोगों ने राष्ट्रहित के बजाय खुद के हित को सर्वोपरि रखा है। किसानों को कानूनों में उलझाकर रखा गया, जिसकी वजह से वो अपनी फसल कहीं बेच नहीं पा रहा था। कृषि राज्यमंत्री ने कहा कि ‘हमने एमएसपी में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की। अबतक एक लाख करोड़ रुपए से अधिक किसानों को दिए जा चुके हैं। चौधरी ने कहा कि यूपीए सरकार ने सिर्फ 20 लाख करोड़ का ऋण किसानों को दिया था, लेकिन हमारी सरकार ने 35 लाख करोड़ से अधिक का लोन दिया।

केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार किसानों से बात करने के लिए हमेशा तैयार है। अगर कोई किसान सरकार के किसी भी प्रतिनिधि से आधी रात को भी बात करना चाहेगा तो हम तैयार हैं। उन्होंने इस दौरान विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने खासतौर पर कांग्रेस को निशाना बनाते हुए कहा कि जो बिल में नहीं है, जो बिल में नहीं हो सकता, जिनका बिल से संबंध नहीं हो सकता, उसी पर उनका भाषण केंद्रित रहा। इससे ये सिद्ध होता है कि बिल के जो प्रावधान हैं वो किसान हितैषी हैं।

भाजपा कार्यकर्ता सरल भाषा में किसानों को समझाएं कृषि सुधार : इससे पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में ही केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे किसानों को ऐसी किसी भी अफवाह से बचाएं और कृषि सुधार संबंधी विधेयकों के महत्व को उन्हें सरल भाषा में समझाएं। श्री कैलाश चौधरी ने कहा कि ऐसे समय में भाजपा के हम सभी कार्यकर्ताओं का बहुत बड़ा कर्तव्य है। हमारी जिम्मेवारी है क्योंकि हमें किसान के भविष्य को उज्ज्वल बनाना है। हम किसानों को कृषि सुधार की बारीकियों के बारे में जितना समझाएंगे उतना ही किसान जागरूक होगा और किसी प्रकार के भ्रम में नहीं पड़ेगा। चौधरी ने कहा कि किसानों को कर्ज लेने की मजबूरी से बाहर निकालने के लिए मोदी सरकार ने कई अहम फैसले पूरी ताकत से लिए हैं। उन्होंने कहा कि अब दशकों बाद किसान को अपनी उपज पर सही हक मिल पाया है। कृषि में जो सुधार किए गए हैं उनका सबसे ज्यादा लाभ छोटे और सीमांत किसानों को मिलेगा।

Check Also

ਬਡਹੇੜੀ ਵੱਲੋਂ ਸੀਨੀਅਰ ਅਕਾਲੀ ਨੇਤਾ ਸ੍ਰ ਸੁਖਦੇਵ ਸਿੰਘ ਢੀਂਡਸਾ ਦੇ ਦਿਹਾਂਤ ਨੂੰ ਕਿਹਾ ਕਦੇ ਵੀ ਨਾ ਪੂਰਿਆ ਜਾਣ ਵਾਲ਼ਾ ਘਾਟਾ

🔊 Listen to this ਉੱਘੇ ਸਿੱਖ ਕਿਸਾਨ ਆਗੂ ਅਤੇ ਪੰਜਾਬ ਮੰਡੀ ਬੋਰਡ ਦੇ ਸਾਬਕਾ ਡਾਇਰੈਕਟਰ …